फोटो - घायल
हमीरपुर ज़िले के मौदहा कोतवाली कस्बे में बीती रात बाइक सवार व्यापारी और किसान को रोककर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने रुपए और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना मौदहा कस्बे के गांधी विद्यालय गेट के पास शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे हुई। बताया गया कि व्यापारी मोहन बाबू अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर रामनरेश यादव भी मौजूद थे। आरोप है कि रास्ते में आधा दर्जन लोगों ने तमंचे के दम पर उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित मोहन बाबू का आरोप है कि हमलावर उनकी सोने की चेन और पर्स छीन ले गए। वहीं रामनरेश यादव ने बताया कि वह गल्ला बेचकर लौट रहे थे और उनके पर्स में रखे 10 से 12 हजार रुपए भी आरोपियों ने छीन लिए।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा पाया गया है। सोशल मीडिया सेल के माध्यम से बताया गया कि मारपीट करने वालों में खिल्लू, छुल्ले, नरेंद्र चीची समेत कुछ अज्ञात लोग शामिल हैं। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि चेन और नकदी छीने जाने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

