हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अपने एक वर्षीय मासूम बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और बच्चे सहित कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
फोटो - युवक से बात करते क्षेत्राधिकारी राज कुमार पाण्डेय व अन्य प्रशासनिक कर्मी
मामला मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बड़े चौराहे के पास स्थित सिचौलीपूर्वा तिराहे का है। यहां दोपहर करीब 12 बजे 35 वर्षीय राकेश कुमार दुबे अपने एक वर्षीय पुत्र कृष्णा को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एसडीएम मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने युवक को समझाने का प्रयास किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। करीब 45 मिनट तक चले समझाने-बुझाने के बाद राकेश अपने बच्चे के साथ सुरक्षित नीचे उतर आया।
राकेश दुबे का आरोप है कि उसकी पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती और बच्चे को भी अपने साथ ले जाना चाहती है। उसने बताया कि वह पत्नी को अपने साथ ले जाने गया था, लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। इसी बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। राकेश का कहना है कि वह किसी भी कीमत पर अपने बच्चे को पत्नी के साथ नहीं भेजना चाहता।
मौदहा के एसडीएम करणवीर सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते युवक बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया था। उन्होंने बताया कि युवक और बच्चे दोनों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है तथा दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

