बारात में शामिल होने आया ASP का भतीजा ट्रक की चपेट में आया, मौके पर मौत

हमीरपुर ज़िले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहाँ मौरंग से भरे तेज रफ़्तार ट्रक ने बारात में शामिल युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महोबा जनपद के सिजहरी गांव निवासी डॉ. विचित्र मोहन त्रिपाठी का इकलौता पुत्र था। युवक के चाचा पवित्र मोहन त्रिपाठी एएसपी पद पर तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार महोबा से बारात सुमेरपुर कस्बे स्थित हरिओम गेस्ट हाउस में आई थी। बारात में शामिल 21 वर्षीय सूयज्ञ त्रिपाठी देर रात जैसे ही गेस्ट हाउस के बाहर कानपुर–सागर नेशनल हाईवे पर पहुंचा। इसी दौरान पत्यौरा की ओर से आ रहे मौरंग भरे ट्रक ने तेज रफ़्तार में युवक को टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि सूयज्ञ की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुँची सुमेरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम की कार्यवाही के साथ ही पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है।

लड़की पक्ष भी महोबा जनपद के खरेला निवासी हैं, जिन्होंने विवाह समारोह का आयोजन सुमेरपुर के हरिओम गेस्ट हाउस में किया था। खुशियों भरे माहौल में हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों में मातम फैला दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!