हमीरपुर में घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ कर प्रदर्शन, अनशन पर बैठे लोगों को खदेड़ा, मीटर उखाड़ने वालों पर होगी एफआईआर

हमीरपुर ज़िले के मौदहा कस्बे में स्मार्ट मीटर को लेकर चल रहा विरोध शुक्रवार को और तेज़ हो गया। बीते दिन से अनशन पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने आज कई घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़ कर उन्हें विद्युत विभाग कार्यालय के सामने रख दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अनशन समाप्त करा दिया और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।

मौदहा कस्बे में बृहस्पतिवार से कुछ राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग को लेकर विद्युत विभाग कार्यालय के सामने अनशन पर बैठे थे। शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने कुछ घरों से लगे स्मार्ट मीटर उखाड़ लिए और उन्हें लेकर सड़क पर प्रदर्शन करते हुए अनशन स्थल पर पहुंच गए।

घरों से मीटर उखाड़े जाने की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए धरना-अनशन खत्म कराया और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

इस मामले में अधीक्षण अभियंता विद्युत ज्ञान चंद्र यादव ने बताया कि कुछ राजनीतिक लोगों ने मीटर उखड़वाकर उन्हें अनशन स्थल पर रख दिया। उन्होंने कहा कि जिन-जिन घरों से मीटर उखाड़े गए हैं उनका पूरा डाटा एकत्र कराया जा रहा है और संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीटर के बिना बिजली का उपयोग करना विद्युत अधिनियम की धारा 135 का उल्लंघन है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी कोई समस्या है, उसे विभाग द्वारा दूर कराया जाएगा।

IMG-20260424-WA0352

फोटो - बिजली मीटरों के साथ बैठी महिलाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!