हमीरपुर ज़िले के मौदहा कोतवाली कस्बे में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब ग्यारहवीं क्लास की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका खुशबू कुशवाहा (17) मौदहा कस्बे के रामनगर मोहल्ले में अपनी बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को खुशबू का इंग्लिश का पेपर था। परीक्षा देकर वह दोपहर में घर लौटी थी। इस दौरान उसकी बड़ी बहन साधना, जो एयरटेल कंपनी में काम करती है, ड्यूटी पर थी और छोटा भाई आकाश कोचिंग गया हुआ था। घर में अकेली खुशबू ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जब शाम को बहन घर लौटी तो उसने खुशबू को फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देख वह चीख पड़ी और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता भूरा कुशवाहा और मां तिंदूही गांव में रहते हैं और खेती किसानी करते हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

