हमीरपुर में शनिवार को ललपुरा थाना क्षेत्र के उजनेड़ी गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस और ट्रक की भीषण टक्कर हुई। इस हादसे में बस में सवार महोबा जिले के चरखारी निवासी 56 वर्षीय मुन्ना नामक स्वास्थ्य कर्मी की मौत हो गई। इसके अलावा 18 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और तीन को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस और ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और ट्रक का चालक केबिन में फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसा हमीरपुर-राठ स्टेट हाईवे पर हुआ, जब बस नौगांव से मुस्करा होते हुए हमीरपुर जा रही थी और उजनेड़ी के पास ट्रक से टकराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रक ने रोड़वेज बस को मारी टक्कर, एक की मौत 18 से अधिक घायल।

