मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत गुरुवार को पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने थाना कोतवाली नगर में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्र की बड़ी संख्या में बालिकाएँ एवं महिलाएँ मौजूद रहीं।कार्यक्रम में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को डायल 112, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसी सेवाओं की जानकारी दी। वहीं, घरेलू हिंसा अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा जैसे कानूनों के बारे में सरल भाषा में समझाया।उन्होंने बालिकाओं को आत्मरक्षा और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने के साथ किसी भी घटना की तुरंत सूचना पुलिस को देने की प्रेरणा दी। पुलिस अधीक्षक ने संवाद के दौरान छात्राओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

