खेत में किसान का शव मिलने से सनसनी, शराब की बोतल और गुटका मिले — परिजनों ने नशा करने से किया इनकार

हमीरपुर। जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में आज एक किसान का शव खेत में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Screenshot_20251112_121116_WhatsApp

फोटो - मृतक कुलदीप कुशवाहा

IMG-20251112-WA0187

फोटो - घटना स्थल पर जांच करती पुलिस

मृतक की पहचान इमलिया गांव निवासी कुलदीप कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से शराब की बोतल, डिस्पोजेबल गिलास, नमकीन का पैकेट, गुटका, बीड़ी और कुछ दवाएं बरामद हुई हैं। हालांकि परिजनों ने कुलदीप के नशा करने की बात से साफ इंकार किया है।

मृतक की मां रामश्री ने बताया कि मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे कुलदीप खेत की बखराई करने की बात कहकर निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। रामश्री का कहना है कि उनका बेटा शराब नहीं पीता था, इसलिए शराब की बोतल वहां कैसे मिली, यह समझ से बाहर है।

कुलदीप के रिश्ते के बहनोई रमेश कुशवाहा ने बताया कि कुलदीप की शादी हो चुकी थी, लेकिन कुछ समय बाद तलाक हो गया था। उसके कोई संतान नहीं थी। वह अपनी मां के साथ रहता था और तीन बीघा खेत की खेती के अलावा कपड़ों की फेरी लगाकर जीविकोपार्जन करता था।

स्थानीय लोगों का अनुमान है कि कुलदीप के कुछ साथियों ने उसे शराब पिलाई होगी, जिसके बाद वह खेत में ही बेहोश हो गया और ठंड लगने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!