हमीरपुर में बढ़ रहा क्राइम ग्राफ, मौदहा में 20 दिन में 5 मर्डर

हमीरपुर के मौदहा में अपराध का ग्राफ लगातार ऊंचाई पर है। बीते 20 दिनों में पांच हत्याएं हो चुकी हैं और पुलिस इन घटनाओं को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। कई मामलों में परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों से सांठगांठ के गंभीर आरोप लगाए हैं।27 अक्टूबर को रीवन गांव में गायत्री नामक महिला की हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने उसका चेहरा जलाकर पहचान छिपाने की कोशिश की थी। लंबे समय की जांच और एसओजी टीम की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।29 अक्टूबर को परछछ गांव में एक युवक रवि की आनर किलिंग के तहत पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
2 नवम्बर को कम्हरिया गांव में मुईनउद्दीन नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी रोशनी की लोहे की रॉड से हत्या कर दी।
4 नवम्बर को गहबरा चौकी के पास मौदहा कस्बे के निवासी दयाराम की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को जेल भेजा, लेकिन मृतक के भाई दयाशंकर और पत्नी तारा ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने असली हत्यारों को रुपये लेकर छोड़ दिया और उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।इसी बीच गुरुवार सुबह मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रमना गांव के पास एक महिला का नग्न अवस्था में शव मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या की गई।लगातार बढ़ रहे हत्या के मामलों से मौदहा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग अब कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!