हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के करहईया गांव में गुरुवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी भतीजे ने अपनी रिश्ते की चाची को बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन लोग संभल पाते उससे पहले आरोपी कुल्हाड़ी लहराते हुए फरार हो गया।
मृतका की पहचान 55 वर्षीय कल्ली पत्नी मेडेलाल खंगार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे उनके रिश्ते के भतीजे धर्मेंद्र पुत्र शिवलाल ने अचानक हमला कर दिया। कई वार लगने से कल्ली की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी हमले के बाद कुल्हाड़ी हाथ में लिए गांव की गलियों से होते हुए भाग निकला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
दोनों बेटे बाहर रहते हैं
मृतका के दो पुत्र — ज्ञान सिंह और मानसिंह — कानपुर में रहते हैं। कल्ली अक्सर उनके पास रहती थीं और समय-समय पर गांव आती-जाती थीं।
पुलिस ने घेरा कस दिया, तलाशी अभियान तेज
वारदात की सूचना पर क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय और कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन अधिकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

