हमीरपुर ज़िले के मुस्करा थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। घायल युवक को पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यह मामला मुस्करा थाना क्षेत्र का है। यहां बंडवा गांव निवासी 32 वर्षीय अरविंद अपने भाई राजू और धर्मेंद्र के साथ कीरतपूरा गांव में एक शादी समारोह में गया था। बुधवार को जब तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक गोली चल गई। बताया जा रहा है कि अरविंद ने अपनी बेल्ट में एक अवैध तमंचा खोंस रखा था, जो लोड था। इसी दौरान तमंचे से अचानक फायर हो गया और गोली अरविंद के पेट में जा लगी।
गोली लगने के बाद घायल अरविंद को उसके भाई राजू पाल और धर्मेंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों द्वारा पूछताछ किए जाने पर दोनों पहले गोलमोल जवाब देते रहे, लेकिन मामला पुलिस तक पहुंचने की आशंका होने पर उन्होंने पूरी घटना की जानकारी दे दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. संतोष राजपूत ने बताया कि घायल युवक के पेट के दाहिने हिस्से में गोली लगी है। उन्होंने बताया कि गोली का एंट्री प्वाइंट दिखाई दे रहा है, लेकिन एग्जिट प्वाइंट नहीं मिला है। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ज़िला अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया गया है।

