हमीरपुर में स्मार्ट मीटर के खिलाफ आक्रोश, लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन कर विद्युत विभाग कार्यालय घेरा

हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे में स्मार्ट मीटर हटाए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। यहां दर्जनों की संख्या में मौजूद लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया और विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया और वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अनशन भी शुरू कर दिया।

Screenshot_20260423_143019_Gallery

फोटो - बिजली विभाग कार्यालय में धरना देते बिजली उपभोक्ता

मौदहा कस्बे में आम लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता पहले भी स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन कर चुके हैं और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान न होने से नाराज लोगों ने एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाया।

गुरुवार को जब प्रदर्शनकारी विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला और कार्यालय के काउंटर भी बंद मिले। इससे नाराज लोगों ने कार्यालय परिसर में ही डेरा डाल दिया और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर अनशन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने सड़कों पर उतरकर विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार हल्लाबोल किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिल जमा करने के बावजूद बिजली आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है। भीषण गर्मी में बिजली न आने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर को हटवाते हुए पुराने मीटर लगवाए जाएं, बिजली बिलों की जांच कराई जाए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक स्मार्ट मीटर हटाए नहीं जाते और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन की अगुवाई संदीप बाल्मीकि, याकूब गड्डी और रमजानी ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!