हमीरपुर में यमुना में नाव पलटी: 3 लोगों को बचाया गया, 6 लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

हमीरपुर ज़िले के कुरारा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब यमुना नदी में सवारियों से भरी नाव अचानक पलट गई। हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि छह लोग अब भी लापता हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर डटी हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।

IMG-20260506-WA0477

फोटो - घटना स्थल के पास लोगो की भीड़

यह घटना कुरारा थाना क्षेत्र के कौतुपुर पटिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे गांव के कुछ लोग नाव से यमुना नदी के बीच स्थित टापू पर खरबूज और ककड़ी तोड़ने गए थे। वापस लौटते समय नदी के बीच पहुंचते ही नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग डूबने लगे।

नाव चला रहे नाबालिग धीरू ने बहादुरी दिखाते हुए विष्णु, रिंकू और पारुल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, रानी, आकांक्षा, ब्रजरानी, लवयांश, गोरेलाल और आदित्य अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान में दिक्कतें आ रही हैं।

घायल तीनों लोगों को कुरारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल और एसपी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। नदी किनारे अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सर्च ऑपरेशन तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने बताया कि एनडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गई है और उनके जल्द मौके पर पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!