उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा 9 अक्टूबर 2025 को कांशीराम स्मारक स्थल पर भव्य महारैली का आयोजन किया गया। जिसे पार्टी सुप्रीमो मायावती ने संबोधित किया। इस रैली को बसपा का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन और पार्टी के राजनीतिक पुनरुद्धार का प्रयास माना जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सहित देशभर से कार्यकर्ताओं और समर्थकों का लखनऊ में जुटान हुआ। रैली स्थल सुबह तड़के ही भीड़ से भर गया।बसपा ने दावा किया है कि पांच लाख से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक इस आयोजन में शामिल हुए। मायावती ने मंच पर करीब तीन घंटे उपस्थिति दर्ज कराई, उनके साथ भाई आनंद कुमार, भतीजा आकाश आनंद, वरिष्ठ नेता सतीश चंद्रा मिश्र समेत अन्य नेता दिखाई दिए । कार्यकर्ताओं के लिए चारबाग रेलवे स्टेशन पर पार्टी ने सहायता शिविर लगाए थे—जो पहली बार हुआ। मायावती ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती और सक्रियता का संकल्प दिलाया और आकाश आनंद का समर्थन करने की अपील की । उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा आगामी चुनाव में किसी दल से गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि अकेले मैदान में उतरेगी।मायावती ने मंच से वर्तमान भाजपा सरकार की कई नीतियों की सराहना की, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जातिवाद और कांशीराम की उपेक्षा के आरोप लगाए ।मायावती ने याद दिलाया कि सपा सरकार ने कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज कर दिया था, जिसे “जातिगत मानसिकता” का प्रतीक बताया। बसपा सुप्रीमो ने पार्टी की नई टीम को मंच पर जगह दी और मतदान से पहले सभी बूथ स्तर पर संगठन को फिर से मजबूत करने का संदेश दिया।रैली के दौरान दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समुदाय की एकता को मायावती ने मुख्य उद्देश्य बताया—उन्होंने अपने भाषण में कांशीराम के विचारों और मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प कार्यकर्ताओं से कराया। यह रैली 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए ‘करो या मरो’ जैसी निर्णायक स्थिति के रूप में देखी जा रही है। आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे और पार्टी ने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण भागीदारी की अपील की। मायावती ने कहा कि यह रैली बसपा के लिए केवल श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि राजनीतिक वापसी का सबसे बड़ा संदेश है। “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” के मंत्र के साथ, मायावती ने सभी वर्ग के लोगों से पार्टी को समर्थन देने और 2027 में सत्ता वापसी के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

